मास्टर ट्रेनर्स ही अभियान की रीढ़ सीईओ रोमा श्रीवास्तव
![]() |
सीईओ बोलीं छोटी-सी कोशिश भी गाँव में बड़ा बदलाव ला सकती है
धमतरी, 30 अगस्त 2025/–आदि कर्मयोगी अभियान” के अंतर्गत जिले में आयोजित जिला स्तरीय प्रोसेस लैब का सफल समापन हुआ। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में जिले के सभी ब्लॉकों से आए ब्लॉक मास्टर ट्रेनर्स ने भाग लेकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया।
आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत तीन दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला एवं प्रोसेस लैब का आयोजन साहू सदन, रुद्री, धमतरी में किया जा रहा था । कार्यशाला का शुभारंभ विगत 28 अगस्त को मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा किया था ।
आज समापन अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी सीईओ जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव ने उपस्थित मास्टर ट्रेनर्स का उत्साहवर्धन किया और कहा कि ग्राम स्तर तक योजनाओं की पहुँच और उनका सफल संचालन तभी संभव है जब प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि छोटी-सी कोशिश भी गाँव में बड़ा बदलाव ला सकती है। मास्टर ट्रेनर्स ही अभियान की रीढ़ है । उन्होंने ब्लॉक से मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण लेने आए अधिकारी/कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र सौपा
उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा आदि कर्मयोगी अभियान केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह ग्राम विकास और समाज परिवर्तन की एक ठोस पहल है। मास्टर ट्रेनर्स इस प्रक्रिया की रीढ़ हैं। जिस निष्ठा और जिम्मेदारी से आप सब ग्राम स्तर पर कार्य करेंगे, वही अभियान की सफलता को सुनिश्चित करेगा। हमें यह ध्यान रखना होगा कि हमारी छोटी-सी कोशिश भी ग्रामवासियों के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है।
इस अभियान के माध्यम से विजन 2030 को ध्यान में रखते हुए ग्राम विकास योजनाओं का एकीकरण किया जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन और बुनियादी सुविधाओं जैसे क्षेत्रों में ठोस सुधार लाने के लिए सभी विभागों और ग्राम स्तर के साथियों को मिलकर कार्य करना होगा।
इस अवसर पर विभिन्न विशेषज्ञों द्वारा ग्राम विकास योजनाओं के एकीकरण, आदि सेवा केंद्रों की स्थापना, प्रशिक्षण पद्धति और सामुदायिक सहभागिता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को प्रैक्टिकल सेशन के माध्यम से भी प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे ब्लॉक और ग्राम स्तर पर अपने दायित्वों का निर्वहन बेहतर ढंग से कर सकें।
मास्टर ट्रेनर्स ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रोसेस लैब से उन्हें योजनाओं की बारीकियों और क्रियान्वयन की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला है। उनका विश्वास है कि इस ज्ञान के आधार पर वे ग्राम पंचायत सचिवों, स्वयंसेवकों, आदि सहयोगियों और अन्य साथियों को प्रशिक्षित कर सकेंगे।
सीईओ रोमा श्रीवास्तव ने मास्टर ट्रेनर्स को प्रेरित करते हुए यह भी कहा कि हम सभी कर्मयोगी हैं और हमें केवल कार्य नहीं, बल्कि सेवा भाव के साथ कार्य करना है। जब ग्राम स्तर पर योजनाओं को पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ लागू किया जाएगा, तभी वास्तविक परिवर्तन दिखाई देगा। आप सब अभियान के torch bearer हैं, इसलिए आपकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
सहायक आयुक्त आदिमजाति विकास ने बताया कि जिला स्तरीय प्रोसेस लैब के सफल आयोजन के साथ ही अब ब्लॉक स्तरीय कार्यशालाओं की श्रृंखला भी प्रारंभ की जाएगी। इन कार्यशालाओं के माध्यम से ग्राम पंचायत सचिवों, स्वयंसेवकों, आदि सहयोगियों और आदि साथियों को प्रशिक्षित कर अभियान के उद्देश्यों को जमीन पर उतारा जाएगा।
धमतरी जिले में इस कार्यशाला के माध्यम से यह विश्वास प्रकट हुआ कि आदि कर्मयोगी अभियान ग्राम विकास की दिशा में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ एक सशक्त आंदोलन का रूप लेगा।

