-->

वित्तीय समावेशन शिविर का आयोजन 235 खातों की पुनः केवाईसी संपन्न

 


धमतरी, 30 अक्टूबर 2025/ वित्तीय समावेशन योजनाओं के संतृप्ति हेतु चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत आज छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक द्वारा परेवाडीह ग्राम पंचायत में वित्तीय समावेशन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बैंक खातों की पुनः केवाईसी की गई तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत नए बीमा पंजीयन किए गए।

शिविर का निरीक्षण वित्तीय सेवा विभाग, नई दिल्ली के निदेशक  हार्दिक मुकेश सेठ, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, अंचल कार्यालय रायपुर के उप महाप्रबंधक बी. आर. रामकृष्ण नायक, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति रायपुर के सहायक महाप्रबंधक मनोज कुमार तथा छ.ग.रा. ग्रामीण बैंक धमतरी के क्षेत्रीय प्रबंधक हरविंदर सिंह द्वारा किया गया। अधिकारियों ने शिविर में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्थानीय निवासियों, व्यापार प्रतिनिधियों और बैंक अधिकारियों से चर्चा की।

निदेशक सेठ ने खातों के री-केवाईसी के महत्व पर जोर देते हुए आम नागरिकों को इस प्रक्रिया को समय पर पूर्ण करने हेतु प्रेरित किया, ताकि उन्हें विभिन्न बैंकिंग सेवाओं का लाभ सुचारू रूप से प्राप्त होता रहे। उन्होंने बैंकों द्वारा शिविर आयोजन के प्रयासों की सराहना की और प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता से जुड़ी जानकारी दी।

शिविर के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को भारतीय रिजर्व बैंक की एकीकृत लोकपाल योजना 2021, दावा न की गई जमाराशियों तथा डिजिटल लेनदेन में सतर्कता के उपायों की जानकारी दी गई।

कंडेल ग्राम पंचायत एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक शिविर में भाग लिया। उनके प्रश्नों का समाधान बैंक अधिकारियों द्वारा किया गया। शिविर में बैंक ऑफ बड़ौदा, छ.ग.रा. ग्रामीण बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया तथा जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक और बैंक मित्र उपस्थित रहे, जिन्होंने ग्रामीणों को पुनः केवाईसी प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया।

अग्रणी जिला प्रबंधक के अनुसार, शिविर में कुल 235 खातों की पुनः केवाईसी की गई।