-->

शीघ्र होगा कुत्ता बधियाकरण का काम प्रारंभ, हरियाणा की एजेंसी फिर हुई एक्टिव, स्वान को रखने के लिए विशेष जाली हुआ तैयार

 


धमतरी निगम/ कुत्ता के बधियाकरण के लिए नैन फाउंडेशन एजेंसी को कार्य आदेश जारी किया गया है। निगम द्वारा नोटिस जारी करने के बाद एजेंसी ने विगत हफ्ते पूर्व कुत्ता पकड़ने का कार्य प्रारंभ किया था परंतु फिर रोक दिया था और जाली को निगम की सहायता से ठीक कराने की मांग की थी। निगम के सहयोग से कुत्तों के कड़ी सुरक्षा के लिए विशेष जाली तैयार किया गया है जहां उन्हें रखा जाएगा। इसके लिए सोमवार तक जाली को ठीक करने का काम कर लिया जाएगा। संभावना है कि मंगलवार या बुधवार से कुत्तों को पकड़ने की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। शहर में कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए बधियाकरण कार्य किया जाएगा। प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि शीघ्र ही पुनः कुत्तों को पकड़ने का काम किया जाएगा और कुत्तों का बधियाकरण किया जाएगा इसके लिए एजेंसी से बात हो चुकी है। कुत्तों के बधियाकरण के बाद उन्हें विशेष निगरानी में रखा जाएगा उसके बाद उन्हें फील्ड में वापस से उन्हीं स्थानों पर छोड़ दिया जाएगा। कुत्तों को पकड़ने के लिए नैन फाउंडेशन की टीम अब सक्रिय हो चुकी है। उल्लेखनीय है कि शहर में बढ़ते हुए कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करना आवश्यक है जिसके लिए नगर निगम ने निविदा जारी करते हुए हरियाणा की नैन फाउंडेशन एजेंसी को इसका जिम्मा सौंपा है। गौरतलब है कि निगम ने तत्परता दिखाते हुए स्थल चयन किया था और एजेंसी के द्वारा उपयुक्त स्थल पर जाली लगाकर देने की मांग की गई थी जिस पर निगम ने एजेंसी को स्थल पर विशेष सुरक्षा के तहत जाली लगाकर दे दिया था परंतु कुत्तों को कड़ी निगरानी में रखने के लिए जाली को और भी बेहतर किया गया है अब कुत्तों को पड़कर निर्धारित स्थल पर रखकर उनका बधियाकरण कार्य किया जाएगा, जिसके चलते कुत्तों की संख्या में कमी आएगी। प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी कमलेश ठाकुर ने बताया कि जाली को बेहतर करने का काम लगभग पूर्ण कर लिया गया है तथा मंगल या बुधवार से कुत्तों को पकड़ने का काम एजेंसी द्वारा प्रारंभ कर दिया जाएगा।