![]() |
आमदी नगर पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल मिला महापौर से, बहुप्रतीक्षित मांग पूर्ण धमतरी। महापौर रामू रोहरा के लगातार प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। आम बजट वर्ष 24-25 के अंतिम दिवस आमदी नगर पंचायत क्षेत्र की 3.5 किलोमीटर लंबी सड़क को डिवाइडर सहित गौरव पथ के रूप में विकसित करने की बहुप्रतीक्षित मांग को शासन ने मंजूरी दे दी है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 21.19 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।इस स्वीकृति के बाद आमदी नगर पंचायत क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से क्षेत्रवासी इस सड़क के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण की मांग कर रहे थे। अब गौरव पथ बनने से न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी। महापौर रामू रोहरा ने इस उपलब्धि को आमदी क्षेत्र की जनता और जनप्रतिनिधियों की सामूहिक मांग का परिणाम बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को लेकर उन्होंने लगातार मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सहित संबंधित मंत्रियों से चर्चा कर प्राथमिकता दिलाई। उन्होंने कहा कि गौरव पथ बनने से आमदी क्षेत्र की पहचान और भी मजबूत होगी। डिवाइडर, बेहतर सड़क, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के साथ यह मार्ग क्षेत्र के विकास का प्रमुख आधार बनेगा। साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। उल्लेखनीय है कि आमदी नगर पंचायत क्षेत्र की 3.5 किलोमीटर लंबी सड़क को डिवाइडर सहित गौरव पथ के रूप में विकसित करने की मांग को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति साहू के नेतृत्व में पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल महापौर रामू रोहरा के निवास पहुंचा और विस्तार से चर्चा कर स्वीकृति दिलाने की मांग रखी।2024-25 के बजट में इसका प्रावधान था, जिसे आज ही स्वीकृति करना जरूरी था।। उन्होंने महापौर से आग्रह किया कि इस योजना को प्राथमिकता में रखते हुए शासन स्तर पर स्वीकृति दिलाई जाए।महापौर रामू रोहरा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा था कि आमदी क्षेत्र की मांग पूरी तरह जायज है। धमतरी नगर निगम क्षेत्र में जिस तरह तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं, उसी तर्ज पर आसपास के क्षेत्रों को भी विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आमदी के जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र के विकास को लेकर गंभीर हैं और यह सकारात्मक पहल है। उन्होंने बताया कि आमदी की कई मांगे पूरी हो गई है, सिर्फ यही मांग बच गई है। इस विषय को लेकर आज ही उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा तथा सांसद रूपकुमारी चौधरी से चर्चा की है। चर्चा के कुछ समय बाद ही प्रदेश सरकार ने इस काम की स्वीकृति प्रदान कर दी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस स्वीकृति के लिए महापौर रामू रोहरा और प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया है। अब लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होकर आमदी क्षेत्र को एक आधुनिक और व्यवस्थित सड़क की सौगात मिलेगी।
