मोनू भंडारी के निवास पर अल्प समय में हुआ भव्य स्वागत, विकास कार्यों व ब्रिज निर्माण पर हुई सार्थक चर्चा डोंगरगढ़। राजनांदगांव के पूर्व सांसद एवं वर्तमान महापौर मधुसूदन यादव के डोंगरगढ़ आगमन पर नगर में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। वे अपने अल्प प्रवास के दौरान शहर भाजपा द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए। शिविर के उपरांत वे भाजपा नेता विवेक मोनू भंडारी के निवास पहुँचे, जहाँ नगरवासियों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया।मोनू भंडारी के निवास पर महापौर के स्वागत को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने दुपट्टा पहनाकर यादव का सम्मान किया तथा आतिशबाजी के साथ जोरदार अभिनंदन किया। आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय एवं प्रभावशाली बन गया। इस अवसर पर भंडारी परिवार द्वारा अतिथियों का आत्मीय सत्कार किया गया।कार्यक्रम के दौरान मोनू भंडारी ने महापौर यादव के प्रति अपनी आत्मीयता व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ रिश्ते विधाता स्वयं गढ़ता है। मधुसूदन यादव जैसे व्यक्तित्व से हम जैसे सैकड़ों कार्यकर्ताओं को ऊर्जा और निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उनके निवास पर उमड़ी भीड़ उनके प्रति जनविश्वास और जुड़ाव को दर्शाती है। महापौर मधुसूदन यादव ने उपस्थित नागरिकों से संवाद कर शहर की समस्याओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। चर्चा के दौरान निर्माणाधीन वाई-शेप ब्रिज प्रमुख मुद्दे के रूप में सामने आया। नागरिकों ने इसे वी-शेप में परिवर्तित किए जाने पर चिंता जताते हुए मांग की कि ब्रिज को मूल वाई-शेप में ही निर्मित किया जाए तथा उसका एक छोर कालकापारा चौक के पास जोड़ा जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके। विशेष रूप से नवरात्रि मेले के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए इस मांग को आवश्यक बताया गया।इसके अतिरिक्त, बम्लेश्वरी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु महावीर मंदिर से सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए फुटओवर ब्रिज निर्माण की मांग भी रखी गई। नागरिकों का कहना था कि इससे ज्योति विसर्जन के समय व्यवस्था बेहतर होगी और दैनिक आवागमन भी सुरक्षित बनेगा।महापौर यादव ने सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि वे इस संबंध में सांसद संतोष पांडे, जिला कलेक्टर एवं रेलवे प्रशासन से चर्चा कर शीघ्र समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।कार्यक्रम के दौरान डोंगरगढ़ एवं आसपास क्षेत्र के जिजुत्सु-कराटे खिलाड़ियों ने भी महापौर का मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया। महापौर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं और वास्तविक सम्मान के अधिकारी हैं। कार्यक्रम के समापन पर मोनू भंडारी एवं उनके परिवार द्वारा सभी अतिथियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई, जिसमें सभी ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में सहभागिता की। इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से अमित जैन, सुमीत ताम्रकार, गोपाल खेमुका, विमल अग्रवाल, योद्धा सिंह राठौड़, गिरधारी चोपड़ा, दीपक अग्रवाल, आलोक कलचुरी, महावीर भंडारी, कन्हैया महाराज, अंशुल जैन, श्रेयस भैया, विकास सहारे, अमन यादव, सत्यम स्वामी, राणा अजय सिंह एवं आकाश चोपड़ा सहित अन्य नागरिक शामिल रहे
