-->

सतनामी समाज की अनदेखी भाजपा को पड़ेगी भारी नमन बंजारे



धमतरी। एनएसयूआई धमतरी के जिला उपाध्यक्ष नमन बंजारे ने नगर निगम में सतनामी समाज को प्रतिनिधित्व नहीं दिए जाने पर भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा कि लगातार हो रही उपेक्षा से समाज में गहरा आक्रोश है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) के गठन के समय भी सतनामी समाज के किसी पार्षद को जिम्मेदारी नहीं दी गई और अब एल्डरमैन नियुक्ति में भी समाज को नजरअंदाज कर दिया गया। यह स्थिति बताती है कि भाजपा नेतृत्व सतनामी समाज की भागीदारी को गंभीरता से नहीं ले रहा है।नमन बंजारे ने कहा कि सतनामी समाज छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े और प्रभावशाली समाजों में से एक है, जिसने हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके बावजूद समाज को लगातार प्रतिनिधित्व से वंचित रखना दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास की बात तो करती है, लेकिन धमतरी नगर निगम में लिए गए फैसले इस दावे की पोल खोल रहे हैं। यदि वास्तव में सभी समाजों को साथ लेकर चलने की मंशा होती, तो सतनामी समाज को भी निर्णय प्रक्रिया में उचित स्थान मिलता। नमन बंजारे ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी समाज की अनदेखी लंबे समय तक नहीं की जा सकती। सतनामी समाज सम्मान और भागीदारी का हकदार है और उसे उसका अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि भविष्य में होने वाली सभी नियुक्तियों, समितियों और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में समाज को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाए। अंत में उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन इसी प्रकार सतनामी समाज की उपेक्षा करता रहा, तो समाज आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगा और अपनी ताकत का एहसास कराएगा। यह केवल प्रतिनिधित्व का नहीं, बल्कि सम्मान और सामाजिक न्याय का भी प्रश्न है।