-->

14 गेट खुले तो रुद्रेश्वर घाट पहुंचे सीईओ नाहटा, देर रात लिया सुरक्षा का जायजा



 गणेश विसर्जन के लिए घाट पर उमड़ी भीड़; सीईओ ने कहा- घाट पर न जाएं श्रद्धालु, सुरक्षित तरीके से कराएं विसर्जन धमतरी25 सितंबर 2026 गंगरेल बांध के पूरी तरह भरने और 14 गेट खोले जाने के बाद बांध से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इधर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के चलते रुद्रेश्वर घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। पानी के बढ़ते प्रवाह और घाट पर भीड़ को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा देर रात खुद रुद्रेश्वर घाट पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।सीईओ नाहटा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जलस्तर और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी श्रद्धालु घाट पर जाकर प्रतिमा विसर्जन न करे। उन्होंने मंदिर परिसर में ही पूजा-अर्चना करने और प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रशिक्षित नगर सैनिकों, पुलिस जवानों अथवा संबंधित दल की मदद लेने के निर्देश दिए।घाट पर पहुंचने से रोकें, सुरक्षा में तैनात रहे जवान सीईओ ने पुलिस अधिकारियों को घाट क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और नागरिकों को पानी के बहाव वाले क्षेत्र से सुरक्षित दूरी पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने की स्थिति में घाट पर अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है। किसी भी स्थिति में लोगों की सुरक्षा से समझौता नहीं होना चाहिए।प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे जलस्तर और पानी के तेज बहाव को देखते हुए रुद्रेश्वर घाट पर जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित व्यवस्था के माध्यम से ही प्रतिमा विसर्जन करें।निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  पटेल, एसडीएम  पीयूष तिवारी, जनपद पंचायत सीईओ वर्षा रानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।