-->

मॉडल स्कूल की छात्रा पूजा साहू ने शासकीय प्राथमिक शाला कलारतराई में मनाया जन्मदिन, बांटे कंपास बॉक्स

 

धमतरी के संकुल केंद्र कलारतराई स्थित शासकीय प्राथमिक शाला कलारतराई में आज एक अनूठा जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया। मॉडल स्कूल धमतरी में तीसरी कक्षा में अध्ययनरत और इसी शाला की पूर्व छात्रा पूजा कुंदन साहू ने अपने शाला परिवार के साथ मिलकर अपना जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर शाला के सभी 48 

विद्यार्थियों को कंपास बॉक्स वितरित किए गए, जिससे यह दिन सभी के लिए यादगार बन गया। पूजा, जानवी और पीहू के परिवार का शाला के प्रति शुरू से ही गहरा लगाव रहा है। पूजा के पिता कुंदन साहू, जो पालक, जनप्रतिनिधि और मीडिया जगत से जुड़े हुए हैं, पहले भी अपनी बेटी के जन्मदिन पर बच्चों को टाई और बेल्ट वितरित किए थे। इस बार भी उन्होंने अपनी बेटी का जन्मदिन शाला परिवार के बीच मनाने और विद्यार्थियों के साथ खुशियां बांटने की इच्छा व्यक्त की। शाला के संस्था प्रमुख रामकुमार साहू ने इस पहल का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने पूजा और उनके परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके मंगलमय, दीर्घायु जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने जन्मदिन के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए पौधरोपण हेतु भी प्रेरित किया।

पूजा का जन्मदिन भारतीय सनातन संस्कृति के अनुरूप मंत्रोच्चार और तिलक वंदन के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला कलारतराई के शिक्षक साथी प्रकाश निर्मलकर, सुनदास चतुर्वेदी, जितेंद्र रामटेके, गीता नेताम, मनीष साहू, शाला विकास समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश सेन और सभी शालेय विद्यार्थी उपस्थित थे। पूजा ने सभी शिक्षकों और पालकों का मुंह मीठा कराकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। यह आयोजन शाला के प्रति आत्मीयता और सामाजिक सरोकार का एक बेहतरीन उदाहरण पेश करता है।