![]() |
धमतरी के समग्र शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम, फोरलेन सड़क एवं चौपाटी कार्यों का निरीक्षण धमतरी/ जिले में आधुनिक एवं सुरक्षित शहरी अधोसंरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज धमतरी शहर की प्रमुख फोरलेन सड़क परियोजनाओं तथा कांटा तालाब परिसर में विकसित किए जा रहे चौपाटी स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रारंभिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक लगभग 4.4 किलोमीटर लंबाई की फोरलेन सड़क के निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। परियोजना के अंतर्गत सड़क किनारे आवश्यक पेड़ों की कटिंग का कार्य शुरू हो चुका है तथा निविदा प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है। निर्माण कार्य जून माह के अंतिम सप्ताह अथवा जुलाई के प्रथम सप्ताह से तीव्र गति से प्रारंभ होने की संभावना है। इसी प्रकार सिहावा चौक से कुल्यारी तक लगभग 5 किलोमीटर लंबाई की सड़क को फोरलेन के रूप में उन्नत किए जाने पर भी कलेक्टर ने कहा कि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के पूर्ण होने से शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में सहायता मिलेगी, आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनेगा तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित हो सकेगा।सड़क चोड़ीकरण इस तरह किया जा रहा है दोनों तरफ़ पाथ वे होंगे । भविष्य में पेयजल की पाइप लाइन की जरूरत को ध्यान में रखते हुए उसकी भी पहले से समुचित व्यवस्था की जाएगी । ताकि सड़क को खोदने से बचा जा सके । कलेक्टर मिश्रा ने कांटा तालाब परिसर में लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे चौपाटी स्थल का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित मनोरंजन एवं सार्वजनिक अवकाश स्थल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौपाटी तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक सड़क मार्ग एवं प्रवेश द्वार निर्माण के संबंध में निजी एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से सकारात्मक संवाद स्थापित कर सहमति बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीओ लोक निर्माण मुरलीधर पैकरा, उपायुक्त नगर निगम पी.सी. सर्वा सहित निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे ।।कलेक्टर ने कहा कि जिले में अधोसंरचना विकास के ऐसे कार्य न केवल नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करेंगे, बल्कि धमतरी को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं भविष्य उन्मुख शहर के रूप में विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
