![]() |
धमतरी/ मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत धमतरी जिले के 265 पात्र हितग्राहियों का चयन 5 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक प्रस्तावित द्वारिका, सोमनाथ एवं नागेश्वर ज्योतिर्लिंग की तीर्थयात्रा के लिए लॉटरी के माध्यम से पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए किया गया। चयन प्रक्रिया कलेक्टर सभा कक्ष में गठित जिला चयन समिति की बैठक में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने की।योजना के तहत चयनित हितग्राहियों में 75 प्रतिशत ग्रामीण क्षेत्र तथा 25 प्रतिशत शहरी क्षेत्र के पात्र आवेदक शामिल हैं। सभी पात्र आवेदनों में से लॉटरी के माध्यम से निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से चयन किया गया, जिससे प्रत्येक पात्र आवेदक को समान अवसर प्राप्त हो सके।इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना प्रदेश सरकार की संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तथा वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, मानसिक संतोष और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का भी माध्यम है। धमतरी जिले से चयनित श्रद्धालु द्वारिकाधीश मंदिर, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग एवं नागेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करेंगे।उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष रखी गई है। साथ ही यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, आवागमन, भोजन, आवास एवं आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्थाओं के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुखद यात्रा का अनुभव प्राप्त कर सकें।बैठक में चयन समिति के सदस्य के रूप में पुलिस विभाग की ओर से डीएसपी मोनिका मरावी, जिला सत्कार अधिकारी उप संचालक समाज कल्याण विभाग सहित जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। चयन प्रक्रिया के दौरान पूरी कार्यवाही निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई गई।
