![]() |
धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिलेभर से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनदर्शन में मिले प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
![]() |
जनदर्शन में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, मजदूरी भुगतान, शिक्षा, अतिक्रमण और राजस्व प्रकरणों सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपे। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक मामले की तथ्यात्मक जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इस दौरान शाला प्रबंधन एवं विकास समिति भाठागांव के अध्यक्ष विजेन्द्र कुमार ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय भाठागांव में अतिरिक्त शिक्षकों की मांग रखी। ग्राम सांकरा की
![]() |
अमरिका साहू ने दिव्यांगता के चलते स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। कोरमुड़पारा सांकरा की शकुन ध्रुव ने अपने पति दुर्देश ध्रुव की विद्युत करंट की चपेट में आने से मृत्यु होने का उल्लेख करते हुए मुआवजा राशि दिलाने का आग्रह किया। वहीं नगरपालिक निगम धमतरी के श्रमिकों ने लंबित पारिश्रमिक भुगतान की समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी। कलेक्टर मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को समय पर समाधान उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


